राजनगर/ Rasbihari Mandal सरायकेला जिले के राजनगर थाना अंतर्गत बीजाडीह पंचायत के बरही मध्य विद्यालय में शनिवार को उस समय अफरा- तफरी मच गई, जब एक युवक ने विद्यालय परिसर में घुसकर प्रधान अध्यापक पर जानलेवा हमला कर दिया.

हमले में प्रधान अध्यापक के सिर और आंख के पास गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें तुरंत राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया.

घटना को लेकर पीड़ित प्रधान अध्यापक ने राजनगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद शिक्षक संघ से जुड़े शिक्षक बड़ी संख्या में थाना पहुंचे और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की.
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरही गांव से आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद रविवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि शिक्षकों और शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.

