राजनगर: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर राजनगर प्रखंड कांग्रेस कमेटी की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों महान विभूतियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया.


प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रकाश महतो ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी सत्य, अहिंसा, त्याग और सेवा के प्रतीक थे. उन्होंने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश की आजादी की लड़ाई में लोगों को एकजुट किया. गांधी जी के विचार आज भी समाज और देश को सही दिशा दिखाने का काम करते हैं. वर्तमान समय में उनके सत्य, अहिंसा और सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है.
प्रकाश महतो ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के लिए सदैव याद किए जाते हैं. उन्होंने अपने कार्यकाल में देश के प्रति समर्पण और मजबूत नेतृत्व की मिसाल पेश की. उनका प्रसिद्ध नारा ‘जय जवान, जय किसान’ देश के जवानों और किसानों के महत्व को रेखांकित करता है.
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है. दोनों महापुरुषों ने अपने आचरण और कर्मों से देशसेवा का संदेश दिया. युवा पीढ़ी को उनके विचारों और आदर्शों से सीख लेते हुए समाज में आपसी भाईचारा, शांति, सद्भाव और सेवा की भावना को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए.
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने तथा देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया. मौके पर प्रखंड कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे.
रिपोर्ट : रासबिहारी मंडल

