राजनगर/ Rasbihari Mandal जामबनी गांव में पागल कुत्ते का आतंक छाया हुआ है. सोमवार और मंगलवार को इस कुत्ते ने तीन ग्रामीणों को काटकर जख्मी कर दिया. ग्रामीणों के अनुसार, कुत्ता पिछले दो दिनों से गांव में इधर- उधर घूमते हुए आक्रामक व्यवहार कर रहा था. लेकिन सोमवार और मंगलवार को उसने अचानक तीन अलग-अलग जगहों पर लोगों पर हमला कर दिया.

ग्रामीण गणेश महतो ने बताया कि गांव में दो शैक्षणिक संस्थान ज्योतिषीय टोला प्राथमिक विद्यालय और जामबनी मध्य विद्यालय हैं. इन दोनों विद्यालयों के चारों ओर चारदीवारी नहीं होने के कारण छोटे और बड़े बच्चे इस तरह के जानवरों का आसान शिकार बन सकते हैं. बच्चों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी चिंता देखी जा रही है. ग्रामवासियों ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, वे बच्चों को स्कूल भेजने में सतर्कता बरतें. साथ ही प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पागल कुत्ते को पकड़कर उचित कार्रवाई की जाए ताकि गांव में शांति और सुरक्षा का माहौल बहाल हो सके.

