राजनगर/ Sarita Mahato प्रखंड के डांडू गांव में शुक्रवार की शाम भारी बारिश के बीच मिट्टी से बने एक कच्चे मकान के ढहने से एक ही परिवार के 10 लोग दब गए. इस हादसे में शांति लोहार (27 वर्ष) और उसके सात वर्षीय पुत्र अरविंद लोहार की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिनका अलग- अलग अस्पताल में ईलाज चल रहा है.

घटना के बाद ग्रामीणों ने मशक्कत कर सभी घायलों को मलबे से बाहर निकाला और एंबुलेंस से राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा. सात घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जमशेदपुर एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि तीन घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है. बताया जाता है कि मृतका शांति लोहार अपने बच्चों को लेकर खोखरो गांव से डांडू गांव अपने मायके आई थीं. तभी यह हादसा हो गया. एमजीएम अस्पताल में डॉक्टरों ने मां- बेटे को मृत घोषित कर दिया है.
डांडू गांव की यह घटना झारखंड के ग्रामीण इलाकों में बारिश से उत्पन्न खतरों की गंभीर तस्वीर पेश करती है. घटना की जानकारी मिलते ही राजनगर प्रखंड विकास पदाधिकारी मलय कुमार, झामुमो के केंद्रीय सदस्य बिसु हेंब्रम और गोविंदपुर पंचायत के मुखिया सोनराम टुडू मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया.

