राजनगर/ Rasbihari Mandal सरायकेला जिले के राजनगर बाजार में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान का भव्य स्वागत और सम्मान किया गया. ग्राम प्रधान सह भाजपा प्रखंड उपाध्यक्ष एवं पंचायत समिति सदस्य रवि महतो के नेतृत्व में आयोजित इस स्वागत कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला.

इस अवसर पर रवि महतो ने जिला अध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया और संगठन की ओर से शुभकामनाएं दीं. स्वागत समारोह में भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.
कार्यक्रम में पूर्वी प्रखंड अध्यक्ष उज्ज्वल मोदक, महामंत्री मनसा लोहार, झारखंड आंदोलनकारी नेपाल कैवर्त, जगदीश महतो, कृष्णा प्रधान, अनिल पति सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए.
मौके पर रवि महतो ने कहा कि हरेकृष्ण प्रधान के जिला अध्यक्ष पद पर मनोनीत होने से पूरे सरायकेला- खरसावां जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में नया जोश और ऊर्जा का संचार हुआ है. उन्होंने विश्वास जताया कि श्री प्रधान के कुशल नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा और सरायकेला विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को नई दिशा और मजबूती मिलेगी. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पार्टी जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी और संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने का कार्य किया जाएगा. कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया. पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, संगठनात्मक एकजुटता और भाजपा की मजबूती का स्पष्ट संदेश देखने को मिला.

