जामताड़ा/ Yogesh Kumar जिले के करमाटाड़ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत विद्यासागर रेल लाइन पर विद्यासागर- मदनकट्टा रेलवे स्टेशन के बीच पोल संख्या 271/6 के पास एक युवक का जख्मी हालत में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई.

सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और शव की जांच- पड़ताल की. जांच के दौरान मृतक के पास से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान सूरज मोहली, उम्र करीब 31 वर्ष, पिता जय किशन मोहली, निवासी रामपुर मलहरा, वार्ड संख्या 26, देवघर के रूप में की गई.
मृतक की जेब से हावड़ा से जसीडीह का रेल टिकट भी बरामद किया गया है. फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है.
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि युवक ट्रेन के गेट के पास बैठा था और संभवतः नींद आने के कारण नीचे गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
प्रशासन और आरपीएफ ने शव को कब्जे में लेकर जामताड़ा सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.

