चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले में आदिवासी कुड़मी समाज के प्रस्तावित रेल टेका आंदोलन को देखते हुए पोड़ाहाट- चक्रधरपुर की एसडीओ ने चक्रधरपुर रेल मंडल के 11 रेलवे स्टेशनों और उनकी 500 मीटर परिधि में निषेधाज्ञा लागू कर दी है.

आदेश के तहत चक्रधरपुर, लोटापहाड़, सोनुआ, टुनिया, गोईलकेरा, महादेवशाल, डेरवाँ, घाघरा, पोसेता, मनोहरपुर और जराईकेला स्टेशन शामिल हैं. इन स्टेशनों और आसपास के क्षेत्रों में किसी भी व्यक्ति, संगठन या समूह द्वारा आंदोलन, प्रदर्शन या सभा जो रेल संचालन में बाधा उत्पन्न करता हो, प्रतिबंधित रहेगा.
रेलवे के वरीय अधिकारियों ने कहा कि चक्रधरपुर रेल मंडल के सभी स्टेशनों पर सुरक्षा के पुख़्ता इंतज़ाम किए गए हैं. आरपीएफ और जीआरपी को हाई अलर्ट पर रखा गया है. यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों के सुचारू संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन हर स्थिति पर नज़र रखे हुए है. किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

