जमशेदपुर/ Shubham Mishra राजद के वरिष्ठ नेता दिवंगत राधे प्रसाद यादव का श्राद्धकर्म 13 सितंबर को एग्रीको स्थित एल4-81, क्रॉस रोड नंबर-2, राजद कार्यालय के निकट मैदान में आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम में पांच हजार लोगों के जुटने की संभावना है और इसकी तैयारी जोरों पर है.

परिवारजनों और राधे यादव फाउंडेशन के कार्यकर्ता कार्यक्रम की तैयारी में जुट गए हैं. राजद के प्रदेश महासचिव सह पूर्वी सिंहभूम प्रभारी पुरेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि श्राद्धकर्म और कुटुंबभोज संध्या 6 बजे से होगा. उन्होंने कहा कि इस मौके पर झारखंड सरकार के उद्योग श्रम नियोजन प्रशिक्षण कौशल विकास मंत्री संजय प्रसाद यादव भी शामिल होंगे. पुरेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि राधे यादव का 1 सितंबर को निधन हो गया था. वे कोल्हान के सर्वमान्य नेता थे और इसलिए श्राद्धकर्म में राजद सहित सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और मजदूर संगठनों के प्रमुख लोगों को आमंत्रण भेजा जा रहा है.
तैयारी के तहत टेंट हाउस, लाइट, कैटरर और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए सुरक्षा गार्ड से बातचीत की गई है. कार्यक्रम में कई मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है. इस आयोजन की तैयारी में हीरा प्रसाद यादव, श्रीनिवास यादव, शंभू यादव, पप्पू, संजय, अंश, दशरथ सिंह, हरेंद्र यादव, विजय यादव, प्रेम यादव और राजकुमार यादव सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं.

