आदित्यपुर: प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला- खरसावां के पदाधिकारियों की पहल पर आरआईटी थाना क्षेत्र से पिछले डेढ़ माह से लापता युवती जानकी प्रधान को पुलिस के सहयोग से टाटानगर स्टेशन से सकुशल बरामद किया गया. पत्रकार सह उपाध्यक्ष सुमित सिंह और सोशल मीडिया प्रभारी नवीन प्रधान ने मामले में सक्रिय भूमिका निभाई.

बताया गया कि युवती के भाई मिथुन प्रधान अपनी बहन की तलाश में लंबे समय से भटक रहे थे. उन्होंने दोनों पत्रकारों से संपर्क कर मदद की गुहार लगाई. मामले को प्राथमिकता देते हुए खबर प्रकाशित की गई, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और युवती की लोकेशन ट्रेस की गई.
जानकारी के अनुसार युवती सोशल मीडिया के माध्यम से एक युवक के संपर्क में आई थी और उसके साथ दिल्ली चली गई थी. बाद में युवती ने अपने भाई को फोन कर बताया कि वह टाटानगर स्टेशन पहुंची है. सूचना मिलते ही दोनों पत्रकार परिजनों के साथ स्टेशन पहुंचे और प्लेटफॉर्म नंबर 1 स्थित कोरियर यार्ड के पास युवती को बैठा पाया. इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचित किया गया.
पुलिस युवती को थाना ले गई और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर परिजनों को सौंप दिया.
युवती ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए उसकी पहचान एक युवक से हुई थी, जो अलग नाम से बातचीत करता था. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
युवती की सकुशल बरामदगी को लेकर पत्रकारों और पुलिस की भूमिका की सराहना की जा रही है. प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला- खरसावां के अध्यक्ष, महासचिव और अन्य पदाधिकारियों ने दोनों पत्रकारों को बधाई दी है. महासचिव प्रमोद सिंह ने उन्हें सम्मानित करने की घोषणा की है.

