सरायकेला: जिले के आदित्यपुर में शुक्रवार को पत्रकार अंकित शुभम, उनके माता- पिता और बहन के साथ मारपीट एवं जान से मारने की नीयत से चार पहिया वाहन चढ़ाने के प्रयास के मामले में पुलिस की निष्क्रियता को लेकर पत्रकारों में आक्रोश देखा गया. शनिवार को इस मामले को लेकर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनमोहन सिंह और महासचिव प्रमोद सिंह ने पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत से मुलाकात कर आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की.

प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने एसपी को बताया कि घटना के 24 घंटे बाद भी आदित्यपुर थाना पुलिस ने मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है, जिससे जिले के पत्रकारों में भारी नाराजगी है. उन्होंने कहा कि यदि दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पत्रकार आंदोलन को मजबूर होंगे.
इस पर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पत्रकार के साथ किसी तरह की नाइंसाफी नहीं होने दी जाएगी.
गौरतलब है कि पत्रकार अंकित शुभम के पड़ोसी सुभाष यादव ने पार्किंग को लेकर हुई मामूली कहासुनी के दौरान शुक्रवार को पत्रकार पर जानलेवा हमला किया था. बीच- बचाव करने पहुंचे पत्रकार के पिता, मां और बहन पर भी हमला किया गया. आरोप है कि हमलावर ने चार पहिया वाहन से कुचलने का प्रयास भी किया. पीड़ित पत्रकार द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराने के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं होने से पत्रकारों में आक्रोश फैल गया था. हालांकि पुलिस अधीक्षक के आश्वासन के बाद पत्रकारों में एक बार फिर उम्मीद की किरण जगी है.

