सरायकेला/ Pramod Singh राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 29 दिसंबर को प्रस्तावित आगमन को लेकर सरायकेला थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर शनिवार देर रात सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया.

यह छापेमारी अभियान सरायकेला के विभिन्न होटलों, लॉज, रेस्टोरेंट और ढाबों में चलाया गया. पुलिस ने ठहरने वाले लोगों की जांच की और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया. अभियान के दौरान कहीं से भी कोई आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति के आगमन को लेकर किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए सभी संभावित ठिकानों पर सतर्कता बरती जा रही है. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है.
गौरतलब है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 29 दिसंबर को सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित एनआईटी परिसर में आयोजित दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी. इसी को लेकर जिले भर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं.

