पूर्णिया: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 सितंबर को प्रस्तावित पूर्णिया आगमन को लेकर पूरे सीमांचल और बिहार में उत्साह का माहौल है. इसी कड़ी में देश के चर्चित अंतरराष्ट्रीय लीफ व सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने अपने खास अंदाज़ में पीएम मोदी का स्वागत किया है.


रविवार को मधुरेंद्र ने 5 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद दुनिया के सबसे छोटे (5 सेंटीमीटर) पीपल के हरे पत्तों पर पीएम नरेंद्र मोदी की सूक्ष्म और बारीक तस्वीर उकेरी है. साथ ही पूर्णिया एयरपोर्ट, अमृत भारत ट्रेन और मिथिला मखाना की तस्वीर भी पत्तों पर उकेर कर “वेलकम मोदीजी इन मिथिला बिहार” लिखा है. उनकी यह कलाकृति सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.
मालूम हो कि मधुरेंद्र कुमार का जन्म 5 सितंबर 1994 को बिहार के चंपारण जिले के बरवाकला गांव में हुआ था. वे देश के पहले ऐसे लीफ आर्टिस्ट हैं जिन्होंने 5000 से अधिक पत्तों पर आकृतियां उकेरकर लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया है. समाजिक, प्राकृतिक और ज्वलंत विषयों पर पत्ता और रेत की मूर्तियां बनाकर सकारात्मक संदेश देने के लिए वे देश-विदेश में चर्चित हैं.
गौरतलब है कि मधुरेंद्र कुमार दुनियाभर के महापुरुषों, राजनैतिक हस्तियों, प्राकृतिक घटनाओं और सामाजिक मुद्दों पर अपनी अनूठी कलाकृतियां बनाकर समाज को जागरूक करने में जुटे रहते हैं.

