रामगढ़: पतरातु थाना क्षेत्र के सांकुल आम बगीचा इलाके से पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दो अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. दोनों का संबंध कुख्यात पांडे गिरोह से बताया जा रहा है.

पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि उन्हें सूचना मिली थी कि सांकुल आम बगीचा में कुछ अपराधी संगठित होकर किसी बड़ी वारदात की साजिश रच रहे हैं. सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए एएसपी सह एसडीपीओ पतरातु गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया.
छापामारी के दौरान पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की. पुलिस को देखकर कुछ अपराधी भागने लगे. जिनमें से दो को पकड़ लिया गया, जबकि चार अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए.
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान इरफान उर्फ रेहान पिता ईरशाद और राजेश साव पिता स्वर्गीय भुनेश्वर साव निवासी सांकुल स्टेशन रोड, थाना पतरातु, जिला रामगढ़ के रूप में की गई है. तलाशी के दौरान उनके पास से 7.65 एमएम की लोडेड देशी पिस्टल और मैगजीन बरामद की गई.
एसपी ने बताया कि दोनों के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे पांडे गिरोह के सदस्य हैं. दोनों ने बताया कि वे हाल ही में पतरातु ब्लॉक निवासी स्वर्गीय जुगेश राम के पुत्र विशाल राम से हुई रंजिश के चलते हमला करने की योजना बना रहे थे.
पुलिस फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
