पटना: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन में जारी मतभेद अब लगभग खत्म होते दिख रहे हैं. बुधवार को राबड़ी आवास पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बीच हुई अहम बैठक समाप्त हो गई है. बैठक में कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु भी मौजूद थे.

बैठक करीब दो घंटे चली, जिसमें सीट शेयरिंग और चुनाव प्रचार की रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. बैठक के बाद अशोक गहलोत ने कहा कि कुछ सीटों को लेकर अभी भी चर्चा जारी है, लेकिन ज्यादातर मुद्दों पर सहमति बन गई है. उन्होंने कहा, “9 से 10 सीटों पर जो आपसी टकराव की स्थिति थी, उसमें भी समाधान की दिशा में प्रगति हुई है. संभव है कि 4 से 5 सीटों पर ही फ्रेंडली फाइट की संभावना रहे.”
गहलोत ने यह भी बताया कि लालू प्रसाद यादव ने स्पष्ट रूप से कहा है कि महागठबंधन पूरी मजबूती से एकजुट है और सभी दल मिलकर चुनाव प्रचार करेंगे. उन्होंने कहा, “राहुल गांधी और तेजस्वी यादव बिहार में महागठबंधन के मुख्य प्रचारक होंगे. दोनों नेता मिलकर पूरे राज्य में संयुक्त सभाएं करेंगे.”
सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी ने बीते दिनों राजद-कांग्रेस के बीच बढ़ती तल्खी को देखते हुए अशोक गहलोत को पटना भेजा था ताकि दोनों दलों के बीच बातचीत से समाधान निकले. आज की बैठक को इसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है.
बैठक के बाद दोनों दलों के नेताओं ने दावा किया है कि सभी विवाद समाप्त हो गए हैं और अब महागठबंधन के सभी घटक दल एक मंच पर आकर चुनाव अभियान चलाएंगे. बताया जा रहा है कि कल यानी गुरुवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
