पटना: केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद एनडीए की एकजुटता और चुनावी रणनीति पर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि “हमारे गठबंधन की खूबसूरती यही है कि हम एक- दूसरे का हाथ थामे आगे बढ़ रहे हैं. एनडीए इस बार एक ऐतिहासिक जीत की ओर अग्रसर है.”

चिराग ने बताया कि अमित शाह से मुलाकात के दौरान बिहार में आगामी चुनाव अभियान को और मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा हुई. उन्होंने कहा कि “साल भर के भीतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 बार बिहार आ चुके हैं, जो बताता है कि बिहार हमारे लिए कितना अहम है.”महागठबंधन पर निशाना साधते हुए चिराग ने कहा कि “जिस गठबंधन के भीतर इतनी कंफ्यूजन है, वह बिहार को दिशा नहीं दे सकता. वे अपने ही उम्मीदवारों के सामने प्रत्याशी खड़ा कर रहे हैं, जबकि एनडीए में सभी सहयोगियों के बीच सहज नेगोशिएशन और सम्मान के साथ सीट बंटवारा हुआ है.”
चिराग पासवान ने कहा कि “एनडीए में हर दल को सम्मान मिला है. जो जहां से जीत सकता है, उसे मौका दिया गया है. हमने एडजस्टमेंट और सहयोग का बड़ा दिल दिखाया है.” विकास के मुद्दे पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि “अब किसी भ्रम में नहीं पड़ना है. हमारा नॉरेटिव सिर्फ विकास का है. युवाओं, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में मजबूती लाने पर चर्चा हुई है.” मुख्यमंत्री चेहरे के सवाल पर चिराग पासवान ने चुप्पी साध ली, लेकिन इतना जरूर कहा कि “इस बार भी एनडीए का लक्ष्य 100 प्रतिशत स्ट्राइक रेट हासिल करने का है.”

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
