पटना/ Arzoo Bhkhsh जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत अथमलगोला थाना क्षेत्र के दक्षिणीचक गांव में बीती रात चोरों ने आतंक मचा दिया. गांव के तीन अलग-अलग घरों में लाखों रुपये की चोरी कर ली गई.

चोरों ने बड़ी चालाकी से घर के लोगों के सोने का फायदा उठाया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया. एक घर से चोरी किए गए दो बक्सों को चोर लगभग 50 मीटर दूर खेत में ले जाकर खोले और जरूरी सामान लेकर फरार हो गए.
पहली घटना
प्रतिमा देवी के घर से चोरों ने 50 हजार रुपये नगद, करीब 5 भर सोने के गहने, चांदी की चूड़ी, पायल और अन्य गहनों की चोरी की. घर में उस समय सिर्फ एक वृद्ध महिला और दो बच्चे मौजूद थे. सामान खेत में बिखरा मिला, जबकि चना और मूंग वहीं फेंका गया.
दूसरी घटना
बबलू कुमार के अनुसार, उनके घर और दुकान से चोरों ने 96,500 रुपये नगद और बड़ी संख्या में गहनों की चोरी की. दुकान में रखे सिगरेट और बिस्किट भी चुराए गए. बताया जा रहा है कि चोरों ने खेत में बैठकर सिगरेट भी पी. कुल चोरी की कीमत करीब तीन लाख रुपये आंकी गई है.
तीसरी घटना
इंदु देवी के घर में चोरों ने 3 भर सोने के गहने, 30 भर चांदी और 10 हजार रुपये नगद की चोरी की. उन्होंने बताया कि रात 3 बजे जब नींद खुली तो टॉर्च की रोशनी और सामान बिखरा देख हल्ला मचाया, जिसके बाद ग्रामीण जुटे. उनके घर की छत पर चोरों ने एक पर्स फेंका हुआ था और खेत में अटैची पड़ी मिली, जिसमें रोल गोल हार था जिसे चोरों ने नहीं लिया. इस पूरी घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. शिकायत के बावजूद अब तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची है. पीड़ितों का कहना है कि थाने से सिर्फ आवेदन देने की बात कही गई है.

