गम्हरिया: सिंहभूम की सांसद जोबा माझी के खिलाफ अब उनकी अपनी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के भीतर से ही विरोध तेज हो गया है. गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष भोमरा माझी ने सांसद पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिला अध्यक्ष डॉक्टर शुभेंदु महतो को लिखित शिकायत दर्ज की है. भोमरा माझी ने कहा कि सांसद जोबा माझी लगातार गम्हरिया प्रखंड का दौरा करती हैं लेकिन उनके कार्यक्रमों की जानकारी न तो प्रखंड समिति को दी जाती है और न ही कार्यकर्ताओं को. यह रवैया संगठन और जनप्रतिनिधियों दोनों के साथ विश्वासघात है.

भोमरा माझी ने चेतावनी दी है कि अगर यही स्थिति रही तो प्रखंड समिति सांसद के भविष्य के सभी कार्यक्रमों का बहिष्कार करेगी. झामुमो कार्यकर्ताओं के बीच यह चर्चा तेज है कि सांसद के इस व्यवहार से पार्टी की साख प्रभावित हो रही है और क्षेत्र में नाराजगी बढ़ रही है. राजनीतिक जानकार मानते हैं कि भोमरा माझी का यह खुला विरोध सांसद जोबा माझी की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है.
पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि सांसद के कार्यक्रम केवल चहेते लोगों तक सीमित हो गए हैं और आम कार्यकर्ताओं को दरकिनार किया जा रहा है. यही कारण है कि जमीनी स्तर के नेता अब बगावत पर उतर आए हैं. यदि यह विवाद बढ़ता है तो सांसद जोबा माझी की राजनीतिक जमीन कमजोर हो सकती है और संगठन में गुटबाजी तेज हो सकती है.
झामुमो के भीतर इस उठ रहे विरोध को राजनीतिक पर्यवेक्षक सत्ता और संगठन के बीच तालमेल की विफलता मान रहे हैं. उनका कहना है कि सांसद जोबा माझी को अपने तौर- तरीके बदलने होंगे अन्यथा पार्टी के अंदर से उठे विरोध के स्वर उनके भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बन सकते हैं.

