पलामू: जिले के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत आसेहार पंचायत के कुसड़ी गांव स्थित पुरानी बथान में डायन- बिसाही के अंधविश्वास को लेकर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. इस नृशंस घटना में तीन लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

प्राप्त जानकारी के अनुसार महेशी भुईया की मृत्यु के बाद उनके पुत्र प्रमोद भुईया और रविन्द्र भुईया ने गांव के ही कुछ लोगों पर डायन- बिसाही कराने का आरोप लगाया था. इसी अंधविश्वास और आपसी आरोप- प्रत्यारोप ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया. हिंसक झड़प के दौरान विजय भुईया (45 वर्ष), उनकी पत्नी कलिया देवी (40 वर्ष) और 17 वर्षीय छोटू भुईया की मौके पर ही हत्या कर दी गई. वहीं ममता कुमारी (14 वर्ष) और नीतू देवी (25 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गईं.
घायलों को तत्काल पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अब भी ओझा- गुणी और डायन- बिसाही जैसे अंधविश्वास गहराई से फैले हुए हैं, जिसके कारण इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं. घटना की सूचना के बावजूद चार घंटे तक पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है.
फिलहाल गांव में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी, कड़ी कार्रवाई और अंधविश्वास के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

