पलामू: गरीबी और लाचारी से जूझ रहे एक परिवार की मार्मिक घटना ने पूरे समाज को झकझोर दिया है. लोटवा गांव की पिंकी देवी ने मजबूरी में अपने 20 दिन के नवजात को 50 हजार रुपये में बेच दिया था. यह घटना केवल एक पारिवारिक त्रासदी नहीं, बल्कि उस व्यवस्था की विफलता को दर्शाती है जहाँ गरीब परिवार आधार कार्ड और राशन कार्ड जैसी बुनियादी सुविधाओं से भी वंचित रह जाते हैं.

खबर का असर सरकार तक पहुँचा और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले का संज्ञान लिया. उन्होंने पलामू उपायुक्त को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवार को हर संभव मदद पहुँचाई जाए और नवजात को उसके माता- पिता को वापस सौंपा जाए.

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ. थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एएसआई अजय कुमार को लातेहार भेजा. तत्परता से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बच्चे को बरामद किया और सुरक्षित रूप से माता- पिता को सौंप दिया.

