पलामू: जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में हुए हसन अली हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देसी कट्टा, एक देसी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, एक डिस्कवर मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है. गिरफ्तार अपराधियों की पहचान इजहार खान, मुबारक अंसारी और सद्दाम अंसारी के रूप में की गई है, जो सभी चैनपुर के शाहपुर इलाके के रहने वाले हैं.

यह मामला 19 अक्टूबर 2025 का है, जब चैनपुर बाजार निवासी हसन अली (28 वर्ष) की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था.
साजिश और सुपारी का खुलासा
पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. एसपी ने बताया कि हसन अली खुद एक “सुपारी किलर” के रूप में काम करता था. उसने एकराम कुरैशी की हत्या करने की सुपारी ली थी, जिसके लिए उसे 5 लाख रुपये में सौदा हुआ था, और 2.5 लाख रुपये एडवांस के रूप में दिए गए थे. हालांकि, हत्या को अंजाम देने से पहले ही हसन अली की हत्या कर दी गई. जानकारी के अनुसार, जब एकराम के रिश्तेदारों को इस साजिश की खबर लगी, तो उन्होंने हसन अली का पता लगाकर उसे 19 अक्टूबर को पकड़ लिया. उसे जबरन एक कार में बिठाया गया और गोली मार दी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर शाहपुर और आसपास के इलाकों में छापेमारी कर तीनों अपराधियों को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, हत्या की मुख्य वजह पुरानी रंजिश और सुपारी विवाद था. एसपी रिष्मा रमेशन ने बताया कि यह हत्याकांड आपसी रंजिश और सुपारी विवाद का परिणाम है. मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की भी पहचान की जा रही है. कुछ नाम सामने आए हैं जो जिले के चर्चित सामाजिक और राजनीतिक हस्तियों से जुड़े हो सकते हैं. जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
जांच दल में शामिल चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा, उपनिरीक्षक बाबूलाल दुबे, रंजीत बिलुंग और अनिल विद्यार्थी की टीम ने लगातार छापेमारी कर मामले का खुलासा किया. एसपी ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि इस मर्डर केस का खुलासा हमारे अधिकारियों के संयुक्त प्रयास और तकनीकी जांच की सफलता का परिणाम है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
