पलामू: जिले के पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के होटवार गांव में एक युवती की रहस्यमयी मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. गुरुवार की देर शाम पुलिस ने कब्रिस्तान से 18 वर्षीय असगरी खातून का शव बरामद किया. यह कार्रवाई मजिस्ट्रेट सह पांकी सीओ ललित कुमार की मौजूदगी में की गई.

सूत्रों के मुताबिक, असगरी पांकी में रहकर पढ़ाई करती थी. दो दिन पहले परिजनों ने यह कहते हुए शव को दफना दिया था कि उसकी मौत बीमारी से हुई है. लेकिन पुलिस को मिली गुप्त सूचना ने इस कहानी पर सवाल खड़े कर दिए. सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और कब्र खुदवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए बाहर निकाला.
जानकारी के अनुसार, मौत वाले दिन असगरी अपने प्रेमी से मोबाइल पर बात कर रही थी. इसी दौरान परिजनों ने उसे देख लिया और गुस्से में उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी. पिटाई के दौरान वह बेहोश होकर गिर पड़ी. घर बुलाए गए झोलाछाप डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया.
सूत्रों का दावा है कि असगरी का मोबाइल उस वक्त रिकॉर्डिंग मोड में था, और पूरी घटना का ऑडियो क्लिप उसके प्रेमी के पास मौजूद है. दो दिन बाद प्रेमी ने पुलिस से संपर्क कर सच्चाई बताई, जिसके बाद पूरा मामला खुल गया.
फिलहाल पिपराटांड़ थाना पुलिस ने मृतका के परिवार के कई सदस्यों को हिरासत में लिया है और पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा. हालांकि, प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका से इंकार नहीं किया जा रहा है. गांव में इस घटना के बाद सन्नाटा पसरा है. लोग अब यही पूछ रहे हैं क्या असगरी की मौत एक हादसा थी या फिर प्रेम की सजा ?


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
