पलामू: पुलिस ने हथनी जयमति को लेकर बड़ा खुलासा किया है. वादी नरेन्द्र कुमार शुक्ला, निवासी मिर्जापुर (उ.प्र.) ने आरोप लगाया था कि हथनी को बिना सूचना दिए कहीं ले जाया गया है. पुलिस अधीक्षक पलामू के निर्देश पर 29 सितंबर को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर एक विशेष टीम गठित की गई. जांच के क्रम में यह स्पष्ट हुआ कि हथनी जयमति बिहार के छपरा जिले के अमनौर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में गोरख सिंह उर्फ अभिमन्यु के यहां पाई गई.

पुलिस की जांच में सामने आया कि यह हथनी प्रारंभ में चार साझेदारों द्वारा करीब 40 लाख रुपये में खरीदी गई थी. लेकिन वादी को बिना जानकारी दिए अन्य तीन साझेदारों ने इसे 27 लाख रुपये में गोरख सिंह को बेच दिया.
फिलहाल, विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत हथनी जयमति को जब्त कर गोरख सिंह उर्फ अभिमन्यु पिता सुदामा सिंह, निवासी पहाड़पुर, थाना अमनौर, जिला छपरा (बिहार) के ही जिम्मेनेमा पर सुपुर्द किया गया है. पुलिस ने बताया कि मामले का अनुसंधान प्रगति पर है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है.

