पाकुड़: नशे के खिलाफ पाकुड़ मुफ़स्सिल थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दयानंद आजाद ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि ईशाकपुर गांव में चल रहे ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया गया है. पुलिस ने छापेमारी कर 36 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की और एक तस्कर को गिरफ्तार किया है.

डीएसपी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से ब्राउन शुगर लाकर ईशाकपुर में खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए छापामारी दल का गठन किया गया और दंडाधिकारी की मौजूदगी में अभियान चलाया गया. छापामारी के दौरान ईशाकपुर निवासी मो० सफीकुल को रंगेहाथ दबोच लिया गया. उसके पास से 36 पुड़िया ब्राउन शुगर और एक बिना नंबर की अपाची मोटरसाइकिल बरामद की गई.

इस मामले में पाकुड़ (मु०) थाना कांड संख्या-230/2025 दिनांक 25.09.2025 धारा 21(a)/22(a) एनडीपीएस एक्ट-1985 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. डीएसपी ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है. उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे नशे के खिलाफ मुहिम में पुलिस का सहयोग करें और समाज को इस जहर से बचाने में अपनी भूमिका निभाएं.
छापामारी दल में थाना प्रभारी गौरव कुमार, पु.अ.नि. अजय कुमार उपाध्याय, हवलदार मदन कुमार पांडा, आ०-109 रासबिहारी यादव और आ०-126 मोहन कुमार गौड़ शामिल थे.

