जमशेदपुर: नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ द्वारा आयोजित सात दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का सफल आयोजन हुआ. यह भ्रमण 11 जुलाई से 17 जुलाई तक दिल्ली में आयोजित किया गया. भ्रमण में 39 छात्र-छात्राएं और तीन प्राध्यापक शामिल हुए.

भ्रमण का उद्देश्य भारत की न्यायपालिका और विधिक संस्थाओं की गहराई से समझ प्राप्त करना था. दिल्ली पहुंचने पर छात्रों ने सुप्रीम कोर्ट का दौरा किया. यहां उन्होंने अदालती कार्यवाही देखी और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता से संवाद किया. अधिवक्ता ने विधिक पेशे की चुनौतियों, नैतिक जिम्मेदारियों और सुप्रीम कोर्ट के फैसलों पर विस्तार से चर्चा की. इसके अलावा छात्रों ने राष्ट्रीय न्यायिक संग्रहालय का भी अवलोकन किया. संग्रहालय में न्यायपालिका के ऐतिहासिक विकास से जुड़े दुर्लभ दस्तावेज, न्यायाधीशों की वेशभूषा और ऐतिहासिक फैसलों की डिजिटल कॉपी प्रदर्शित थीं.

भ्रमण के दौरान छात्रों ने बार काउंसिल ऑफ इंडिया का भी दौरा किया. यहां उन्हें BCI की संरचना, कार्यप्रणाली और अधिवक्ता अधिनियम 1961 के तहत उसकी भूमिका की जानकारी दी गई. भ्रमण के दौरान मूट कोर्ट तकनीक, कानूनी शोध और ड्राफ्टिंग पर कार्यशालाएं भी आयोजित की गईं. विश्वविद्यालय के निदेशक और प्राध्यापकों ने इस शैक्षणिक भ्रमण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों के लिए सीखने और अनुभव प्राप्त करने का अच्छा अवसर हैं.



