आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के इतिहास में पहली बार दुर्गा पूजा का भव्य आयोजन संस्थान परिसर में किया जा रहा है. पूजा पंडाल का उद्घाटन रविवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और उनकी धर्मपत्नी मीरा मुंडा ने श्रद्धापूर्वक किया. पूजन की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के साथ हुई. भजन कार्यक्रम की शुरुआत निदेशक की धर्मपत्नी इंद्राणी सूत्रधर द्वारा की गई.

पारंपरिक बंगाली शैली में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा, रंगीन विद्युत सज्जा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया है. निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधर ने इसे संस्थान के लिए एक गौरवपूर्ण सांस्कृतिक पहल बताया. वहीं कुलसचिव कर्नल निशिथ कुमार राय ने आशा जताई कि यह आयोजन एक नई वार्षिक परंपरा बनेगा.
पूरे सप्ताह चलने वाले इस आयोजन में सप्तमी से दशमी तक विशेष पूजा, भजन, गरबा, डांडिया और महाप्रसाद वितरण किया जा रहा है. विजयादशमी को प्रतिमा विसर्जन के साथ इस ऐतिहासिक आयोजन का समापन होगा.

