चांडिल: अनुमंडल के नीमडीह प्रखंड क्षेत्र के रघुनाथपुर स्थित रेनबो इंग्लिश स्कूल परिसर में सोमवार को 10वां एनुअल डे सेलिब्रेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक सविता महतो उपस्थित रहीं.

इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने छात्र- छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बच्चे लगन और अनुशासन के साथ पढ़ाई करें तो लक्ष्य मिलना तय है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए कई योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को अवश्य लेना चाहिए. विधायक ने ग्रामीण क्षेत्र में इस प्रकार के शैक्षणिक और सांस्कृतिक आयोजन की सराहना की.
विद्यालय प्रबंधन की ओर से विधायक को पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के दौरान स्कूल के बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया. कार्यक्रम का संचालन एवं अतिथियों का स्वागत पतित पावन दास द्वारा किया गया.
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार एस. अभिनव, अंचलाधिकारी अभय द्विवेदी, झामुमो के केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, स्नेहा महतो, समाजसेवी सपन गुप्ता, अशोक महतो, हरिदास महतो, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सचिन गोप, टिंकू महतो सहित विद्यालय के शिक्षक- शिक्षिकाएं, छात्र- छात्राएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे.

