नीमडीह: आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को नीमडीह थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चांडिल ने की. इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी, नीमडीह भी मुख्य रूप से मौजूद रहे.

बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न धार्मिक संगठनों के सदस्य, शांति समिति के लोग और गणमान्य नागरिक शामिल हुए. अधिकारियों ने पर्व के दौरान क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी समन्वय और सामाजिक सौहार्द कायम रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की.
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने कहा कि बकरीद आपसी भाईचारे, त्याग और सामाजिक सद्भाव का पर्व है. सभी लोग प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाएं. उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा नहीं करने की अपील की.
उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की सूचना तुरंत पुलिस और प्रशासन को दी जाए. वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि पर्व को लेकर प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं. साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
अंचल अधिकारी ने लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की. बैठक में जुलूस मार्ग, संवेदनशील स्थलों की निगरानी, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गई.
पुलिस प्रशासन की ओर से बताया गया कि बकरीद को लेकर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाएगी. संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और लगातार गश्ती अभियान चलाया जाएगा. बैठक के अंत में सभी लोगों से आपसी प्रेम, भाईचारा और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की गई.
रिपोर्ट: बिकास ठाकुर



