नीमडीह: Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड के बामनी गांव स्थित रूपाडीह टोला में डायरिया का प्रकोप तेजी से फैल रहा है. पिछले दो दिनों में दो दर्जन से अधिक ग्रामीण इसकी चपेट में आ चुके हैं. इनमें से 15 मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

गांव में अचानक फैली इस बीमारी ने स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की पोल खोल दी है. नीमडीह क्षेत्र की 108 सड़क एम्बुलेंस कई दिनों से खराब पड़ी है. वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नीमडीह में भी कोई सरकारी एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं है. इस कारण मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाना ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बन गया था.
ऐसे हालात में जन सेवा ही लक्ष्य संस्था के संस्थापक और समाजसेवी हरे लाल महतो ने अपनी निजी एम्बुलेंस नि:शुल्क उपलब्ध कराई. वे स्वयं मरीजों को अस्पताल पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं. उनके सहयोग से अब तक दर्जनों मरीजों को इलाज के लिए भर्ती कराया जा चुका है.
हरे लाल महतो ने कहा कि वे लगातार रूपाडीह गांव की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और हर जरूरतमंद तक मदद पहुंचाएंगे. मरीजों और उनके परिजनों से लगातार संपर्क में रहकर आवश्यकतानुसार एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराई जा रही है.
ग्रामीणों ने बताया कि यदि सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध होतीं, तो मरीजों को इतनी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता. फिलहाल समाजसेवी की तत्परता से स्थिति नियंत्रण में है.

