जमशेदपुर: एनआईटी जमशेदपुर के पूर्व छात्र प्रशांत सिन्हा को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यानी NHAI में महाप्रबंधक (तकनीकी) के पद पर पदोन्नति मिली है. उन्हें 1 जनवरी 2026 से यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है. फिलहाल उनकी पोस्टिंग अंबाला, हरियाणा में की गई है.

प्रशांत सिन्हा मूल रूप से बिहार के नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र अंतर्गत अलीपुर गांव के निवासी हैं. उनकी इस उपलब्धि से अलीपुर गांव सहित पूरे इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है. लोगों का कहना है कि उन्होंने जिले और गांव का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है.
प्रशांत सिन्हा की सफलता की कहानी बेहद प्रेरणादायी रही है.
उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा अपने पैतृक गांव अलीपुर से प्राप्त की. इसके बाद उन्होंने NIT जमशेदपुर से बीटेक की पढ़ाई पूरी की. उच्च शिक्षा के क्रम में उन्होंने IIT-BHU वाराणसी से एमटेक और IIM लखनऊ से एक्जीक्यूटिव MBA किया. तकनीकी और प्रबंधन दोनों क्षेत्रों में उन्होंने अपनी मजबूत पहचान बनाई. वर्ष 2014 में प्रशांत सिन्हा ने NHAI में अपनी सेवाएं शुरू कीं.
इसके बाद उन्होंने देशभर की कई महत्वपूर्ण सड़क और राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं में अहम भूमिका निभाई.
मेहनत, तकनीकी दक्षता और नेतृत्व क्षमता के बल पर वे लगातार आगे बढ़ते गए और महाप्रबंधक (तकनीकी) के पद तक पहुंचे. अपनी इस उपलब्धि पर प्रशांत सिन्हा ने कहा कि इसका पूरा श्रेय वे अपने माता- पिता, परिवार के सदस्यों, गुरुजनों और गांववासियों को देते हैं. उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग, आशीर्वाद और मार्गदर्शन के कारण ही वे इस मुकाम तक पहुंच सके हैं. प्रशांत सिन्हा की यह सफलता न केवल अलीपुर गांव बल्कि पूरे नालंदा जिले के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा बन गई है. लोग इसे मेहनत, शिक्षा और लगन का प्रतिफल बताते हुए गर्व महसूस कर रहे हैं.

