जमशेदपुर: नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के विधि संकाय ने बुधवार को भारतीय संविधान के 76वें स्थापना दिवस को देशभक्ति और श्रद्धा के साथ मनाया. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन, राष्ट्रगान और देशभक्ति गीतों के साथ हुई, जिससे परिसर में गौरवपूर्ण माहौल बना. मुख्य अतिथि के रूप में सिविल कोर्ट जमशेदपुर के प्रतिष्ठित क्रिमिनल एडवोकेट जनार्दन सिंह उपस्थित रहे.

दूसरे सत्र में विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक इकाई, राजनीति विज्ञान विभाग, गांधी पीस फाउंडेशन और जल जीवन संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में संविधान आधारित पोस्टर सह पुस्तक प्रदर्शनी आयोजित की गई. इस दौरान संविधान निर्माण और उसके विविध आयामों पर विस्तृत परिचर्चा हुई.

कार्यक्रम के तहत अंतर-विभागीय वाद-विवाद और निबंध लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया. छात्रों ने प्रभावशाली वक्तृत्व कौशल और विश्लेषणात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया, जिससे दोनों प्रतियोगिताएं अत्यंत रोचक और विचारोत्तेजक रहीं.
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि जनार्दन सिंह ने संविधान को न्याय और नैतिकता का मार्गदर्शक बताते हुए युवा पीढ़ी से संवैधानिक मूल्यों को अपनाने की अपील की. विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि ने संविधान दिवस के विशेष आयोजनों को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया. कार्यक्रम में पुरस्कार वितरण के दौरान छात्रों को उत्साहजनक तालियों के बीच सम्मानित किया गया.
समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन और संवैधानिक आदर्शों के प्रति नई प्रतिबद्धता के साथ हुआ. कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव नागेंद्र सिंह, प्रशासनिक विभाग के अधिष्ठाता प्रो. नाजिम खान, आईक्यूएसी निदेशक डॉ. श्रद्धा वर्मा, परीक्षा नियंत्रक प्रो. मोईज़ अशरफ, विभिन्न विभागों के अधिष्ठाता, संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे.

