सरायकेला/ Bipin Varshney जिला के गम्हरिया स्थित विद्या ज्योति स्कूल के खिलाड़ियों ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की फेडरेशन कराटे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला और राज्य का नाम रोशन किया है. प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु और भार वर्ग में हिस्सा लेकर कुल 2 स्वर्ण, 1 रजत और 5 कांस्य पदक अपने नाम किए.

विद्यालय की प्रतिभाशाली खिलाड़ी रक्षा कुमारी ने 13 वर्ष आयु वर्ग में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर सभी को गौरवान्वित किया. वहीं सीनियर वर्ग में मैदान में उतरी स्मिता दास ने दमदार खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया. दोनों खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें विशेष रूप से सम्मानित भी किया गया.
झारखंड राज्य फेडरेशन की ओर से स्वर्ण पदक विजेता स्मिता दास को 3000 रुपये तथा रक्षा कुमारी को 2000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई. इसके साथ ही दोनों खिलाड़ियों को टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों की सूची में शामिल करते हुए सम्मानित किया गया.
यह राष्ट्रीय स्तरीय कराटे फेडरेशन गेम्स 6 और 7 दिसंबर को सनवैली पब्लिक स्कूल, वाराणसी में आयोजित किया गया था. प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ी शामिल हुए थे. विद्या ज्योति स्कूल के कुल 9 खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय व जिले का मान बढ़ाया.
विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने सभी खिलाड़ियों को उनकी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी. साथ ही भविष्य में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई. खिलाड़ियों की इस सफलता से पूरे गम्हरिया और सरायकेला क्षेत्र में खुशी की लहर देखी जा रही है.

