आदित्यपुर: झारखंड भाजपा प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर राज्य में निकाय चुनाव को लेकर चलाए जा रहे आंदोलन पर आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष एवं राजद नेता पुरेन्द्र नारायण सिंह ने बुधवार को तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि भाजपा को यह भरोसा नहीं है कि उसके प्रतिनिधि निकाय चुनाव में जीत दर्ज कर पाएंगे, इसलिए वह तरह- तरह के हथकंडे अपनाकर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है.

पुरेन्द्र नारायण सिंह ने कहा कि निकाय चुनाव को दलीय आधार पर कराना उचित नहीं है. इससे समाज में गलत संदेश जाएगा और शहरी स्वशासन व्यवस्था प्रभावित होगी. उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव मूल रूप से जनसेवा और स्थानीय विकास से जुड़े होते हैं, न कि राजनीतिक दलों के शक्ति प्रदर्शन से. उन्होंने भाजपा नेताओं से सवाल करते हुए कहा कि आखिर ईवीएम से ही चुनाव कराने की जिद क्यों की जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि बैलेट पेपर से चुनाव कराया जाता है तो धांधली का आरोप लगाना पूरी तरह बेमानी है.
राजद नेता ने कहा कि राज्य सरकार इस पूरे मामले को लेकर गंभीर है और बहुत जल्द निकाय चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया जाएगा. उन्होंने भाजपा नेताओं द्वारा किए जा रहे आंदोलन को केवल अपनी राजनीतिक साख बचाने और टीआरपी बटोरने का प्रयास बताया.
पुरेन्द्र नारायण सिंह ने यह भी कहा कि पिछले 15 वर्षों से किसी न किसी रूप में भाजपा नेताओं ने यहां नेतृत्व किया है, लेकिन जनता अब उनसे ऊब चुकी है. भाजपा के पास विकास कार्यों को बताने के लिए कोई ठोस एजेंडा नहीं बचा है. उन्होंने भाजपा के धरना- प्रदर्शन को छलावा करार देते हुए कहा कि यह केवल चुनावी माहौल बनाने और दिखावे की राजनीति है, जिसे जनता अच्छी तरह समझ चुकी है.

