मुंगेर: नामांकन की तिथि घोषित होते ही अफवाहों, कयासों और संशयों के बीच आखिरकार देर रात मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जमालपुर विधानसभा सीट के लिए जदयू जिलाध्यक्ष नचिकेता मंडल को उम्मीदवार घोषित कर दिया. यह सीट पूर्व मंत्री और चार बार के विधायक शैलेश कुमार से लेकर नचिकेता मंडल को दी गई है, जिन्हें मुख्यमंत्री का करीबी माना जाता था.


नचिकेता मंडल मुंगेर पहुंचते ही सबसे पहले चंडिका स्थान मंदिर पहुंचे और माता का आशीर्वाद लिया. उन्होंने कहा कि वे अपने पिता के आदर्शों पर चलकर जनता की सेवा करेंगे. उन्होंने बताया कि पूर्व मंत्री शैलेश कुमार उनके चाचा समान हैं और वे उनका भी आशीर्वाद लेने जाएंगे.इस बार बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में टिकट बंटवारे को लेकर कई राजनीतिक दलों में उलटफेर देखने को मिला है. जदयू ने अपने वरिष्ठ नेता शैलेश कुमार को दरकिनार करते हुए स्वर्गीय पूर्व सांसद ब्रह्मानंद मंडल के पुत्र नचिकेता मंडल को टिकट देकर बड़ा दांव खेला है.
नचिकेता मंडल ने कहा कि पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है और वे इस भरोसे को कभी टूटने नहीं देंगे. उन्होंने बताया कि उनके पिता तीन बार सांसद रहे और मुंगेर के विकास की लंबी लकीर खींची थी. कुछ समय तक वे राजनीति से दूर रहे, लेकिन सांसद ललन सिंह ने उन्हें पुनः सक्रिय राजनीति में लाया. इसके बाद उन्हें लगातार दो बार जिलाध्यक्ष बनाया गया और अब पार्टी ने जमालपुर विधानसभा से टिकट देकर सम्मानित किया है.
उन्होंने यह भी कहा कि उनके पिता के समता पार्टी के समय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जॉर्ज फर्नांडिस और ललन सिंह से अच्छे संबंध थे. समय के साथ मतभेद जरूर हुए, पर अब पार्टी ने उनके परिवार पर दोबारा विश्वास जताया है. नचिकेता मंडल ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 सालों के शासनकाल में बिहार ने उल्लेखनीय प्रगति की है और वे इस विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए संकल्पित हैं.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
