मोकामा: शराब तस्करी के विरुद्ध पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. हाथीदह थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव से गुरुवार को एक खाली पिकअप से लाखों की अंग्रेजी शराब जब्त की गई. इस दौरान पुलिस ने दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपी बेगूसराय जिले के निवासी हैं.

हाथीदह के एडिशनल एसएचओ राजेंद्र प्रसाद वर्मा ने बताया कि मध्य निषेध इकाई की सूचना पर पुलिस ने एक संदिग्ध खाली पिकअप को घेराबंदी कर पकड़ा. चालक ने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उसे रोककर थाना लाया. जब गाड़ी की गहन जांच की गई तो लोहे की चादर के नीचे कई तहखाने मिले जिनमें लाखों रुपये की अंग्रेजी शराब छिपाई गई थी.
पुलिस ने बताया कि यह शराब झारखंड से लाई जा रही थी और बेगूसराय में खपाने की तैयारी थी. फिलहाल दोनों तस्करों से पूछताछ जारी है और शराब तस्करी के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है. पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है.

