चांडिल: विधायक सविता महतो के प्रयास से शनिवार को बीएसआईएल (बनराज स्टील) के 350 मजदूरों को बकाया वेतन का भुगतान वनराज स्टील प्रबंधन की ओर से कर दिया गया. लंबे समय से वेतन नहीं मिलने से मजदूरों में असंतोष व्याप्त था.

बताया जाता है कि बीएसआईएल कंपनी को वर्तमान में भाड़े पर संचालित कर रहे वनराज स्टील और पूर्व प्रबंधन के बीच कुछ अनुबंध संबंधी प्रक्रियाएं लंबित थीं, जिसके कारण मजदूरों का भुगतान अटका हुआ था. विधायक सविता महतो की पहल और हस्तक्षेप के बाद शिवरात्रि के पावन अवसर पर सभी 350 कामगारों का बकाया वेतन जारी किया गया. भुगतान मिलते ही मजदूरों के चेहरों पर खुशी साफ झलकने लगी.
कंपनी को पुनः सुचारु रूप से चालू कराने को लेकर रविवार को त्रिपक्षीय वार्ता प्रस्तावित है. वार्ता के बाद उत्पादन कार्य शुरू करने की दिशा में आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी. विधायक सविता महतो ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को रोजगार मिलता रहे, यह उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने प्रबंधन से कंपनी को शीघ्र नियमित संचालन में लाने का आग्रह किया है. इस संबंध में जानकारी झामुमो के केंद्रीय सदस्य सह विधायक के आप्त सचिव काबलू महतो ने दी.

