रांची: ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने विधानसभा के बजट सत्र के दौरान अल्प सूचित प्रश्न के माध्यम से ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में लिफ्ट सिंचाई योजना का मामला जोरदार तरीके से उठाया.

सरकार ने अपने जवाब में स्वीकार किया कि कृषि बाहुल्य इस क्षेत्र में वर्तमान में लिफ्ट सिंचाई की कोई संचालित योजना नहीं है. मैसाड़ा सुवर्णरेखा डैम से प्रस्तावित 15 किमी लिफ्ट सिंचाई से 50 गांव, सुवर्णरेखा डैम से नीमडीह प्रखंड के ओड़ीया क्षेत्र तक 10 किमी लिफ्ट सिंचाई से 20 गांव, आमटांड नदी से काशीडीह होते हुए घाटशिला कांडरबेड़ा तक 6 किमी क्षेत्र तथा चांडिल बांध से नीमडीह (13 पंचायत) और कुकड़ू (9 पंचायत) में मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना का लाभ फिलहाल नहीं मिल रहा है.
सरकार ने बताया कि सरायकेला- खरसावां जिले के नीमडीह एवं कुकड़ू तथा पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा और बोडाम प्रखंड के ऊंचे भू-भाग में स्थित 26,344 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा देने के लिए भूमिगत पाइपलाइन के माध्यम से नीमडीह-कुकड़ू मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना और पटमदा- बोडाम मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना का प्रस्ताव तैयार किया गया है.
वित्तीय संसाधनों की सीमित उपलब्धता को देखते हुए भारत सरकार से सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी है. सेंट्रल वॉटर कमीशन द्वारा दोनों योजनाओं को सैद्धांतिक सहमति प्रदान की जा चुकी है और कार्यान्वयन की दिशा में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
विधायक सविता महतो की पहल से क्षेत्र के किसानों में उम्मीद जगी है कि योजना के धरातल पर उतरने से सिंचाई समस्या का समाधान होगा और कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी.

