जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो नगर निगम अंतर्गत वार्ड संख्या 29 में व्याप्त विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. वार्ड की गलियों में जगह-जगह कचरे का अंबार, मच्छरों का बढ़ता प्रकोप, नियमित फॉगिंग का अभाव, खराब स्ट्रीट लाइट और नालियों के ओवरफ्लो होने जैसी समस्याओं से लोग परेशान हैं. इन समस्याओं को लेकर वार्ड पार्षद परवीन बानो ने मानगो नगर निगम के अपर नगर आयुक्त का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जल्द से जल्द समाधान की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो वार्डवासियों के साथ नगर निगम कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा.


वार्ड पार्षद के अनुसार, वार्ड की कई गलियों में नियमित साफ-सफाई नहीं होने के कारण जगह-जगह कचरा जमा है. इससे क्षेत्र में गंदगी फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है. स्थानीय लोगों को डेंगू, मलेरिया समेत अन्य मच्छरजनित बीमारियों के फैलने की आशंका सता रही है. लोगों की मांग है कि नगर निगम नियमित सफाई सुनिश्चित करने के साथ कचरे का समय पर उठाव कराए.
फॉगिंग और छिड़काव की मांग. वार्ड में मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग की व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं होने की शिकायत की गई है. बताया गया है कि फॉगिंग मशीन महीने में केवल एक बार उपलब्ध होती है. बढ़ते मच्छरों के प्रकोप को देखते हुए वार्ड में सप्ताह में कम से कम दो बार फॉगिंग कराने और नियमित रूप से कीटनाशक का छिड़काव करने की मांग की गई है.
खराब स्ट्रीट लाइट से रात में परेशानी. वार्ड की कई सड़कों और गलियों में स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि लाइटों की मरम्मत के लिए टीम भी नियमित रूप से नहीं पहुंचती है. इसके कारण रात में अंधेरा पसरा रहता है और लोगों को आवागमन में परेशानी होती है. अंधेरे के कारण चोरी समेत अन्य अप्रिय घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है. लोगों ने खराब लाइटों की तत्काल मरम्मत कराने और जरूरत के अनुसार नई स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है.
ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-2 वेस्ट में नाली का पानी मस्जिद तक पहुंच रहा. वार्ड की एक प्रमुख समस्या ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-2 वेस्ट की है. यहां नाली का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर मस्जिद तक पहुंच जाता है. इससे नमाजियों और आम लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है. नाली के गंदे पानी के कारण आसपास गंदगी और दुर्गंध फैलने की भी आशंका बनी रहती है. इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए नाली की सफाई, मरम्मत और जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की गई है.
रोड नंबर-15 पर स्पीड ब्रेकर की मांग. वार्ड के रोड नंबर-15 पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने के कारण तेज रफ्तार वाहनों से दुर्घटना होने की आशंका जताई गई है. स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क और यातायात की स्थिति की जांच कर नियमानुसार आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है, ताकि राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.
आर.के. मेडिकल के पास खुले नाले से दुर्घटना का खतरा. रोड नंबर-2 में आर.के. मेडिकल के पास स्थित नाले के आसपास बैरिकेडिंग नहीं होने की समस्या भी उठाई गई है. नाले के पास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है. विशेषकर रात के समय अंधेरे में लोगों के नाले में गिरने की आशंका रहती है. स्थानीय लोगों ने नाले के आसपास बैरिकेडिंग अथवा अन्य उपयुक्त सुरक्षा व्यवस्था जल्द से जल्द करने की मांग की है.
वार्ड संख्या 29 की इन समस्याओं को लेकर वार्ड पार्षद परवीन बानो ने मानगो नगर निगम के अपर नगर आयुक्त से संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने और सफाई, फॉगिंग, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, नाली की समस्या तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की अपील की है.
उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि आवेदन पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई और वार्ड की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो स्थानीय लोगों के साथ नगर निगम कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा. अब देखना यह है कि नगर निगम प्रशासन इन शिकायतों पर कब तक कार्रवाई करता है और वार्डवासियों को इन समस्याओं से राहत मिल पाती है या नहीं.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक

