मधुपुर/ Md Aslam.

दिव्यांगजनों की रोजमर्रा की समस्याओं को कम कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कल्याण विभाग लगातार प्रभावी पहल कर रहा है. इसी कड़ी में मंगलवार को बाल विकास परियोजना कार्यालय, मधुपुर के माध्यम से प्रखंड के दो जरूरतमंद दिव्यांग व्यक्तियों को ट्राइसाइकिल प्रदान की गई.
इस योजना के तहत दर्वे पंचायत के ग्राम झिलवा निवासी मुबारक अंसारी एवं बूढ़े पंचायत के ग्राम नवादा निवासी मनोज यादव को ट्राइसाइकिल दी गई, जिससे अब उन्हें आवागमन में होने वाली कठिनाइयों से काफी राहत मिलेगी.
इस अवसर पर प्रखंड बाल विकास परियोजना पदाधिकारी नीतू कुमारी ने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांग एवं जरूरतमंद व्यक्तियों के सर्वांगीण कल्याण के लिए निरंतर योजनाएं संचालित कर रही है. कल्याण विभाग के माध्यम से ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर सहित अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि दिव्यांगजन सम्मानजनक और स्वावलंबी जीवन जी सकें.
उन्होंने आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने- अपने क्षेत्रों में पात्र दिव्यांग व्यक्तियों की पहचान कर सूची तैयार करें, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर जरूरतमंदों तक पहुंच सके.
कार्यक्रम में जिला परिषद प्रतिनिधि फारूक अंसारी, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष शाकीरा अंसारी, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष अबू तालिब अंसारी, जिला सचिव दिनेश्वर किस्कू सहित कई जनप्रतिनिधि एवं विभागीय कर्मी उपस्थित रहे.
कार्यक्रम के अंत में लाभार्थियों ने सरकार एवं कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ट्राइसाइकिल मिलने से उनके जीवन में सुविधा, आत्मविश्वास और स्वतंत्रता आई है.

