मधुपुर/ Md Aslam

थाना क्षेत्र के सीताराम डालमिया रोड स्थित आर. के. इंजीनियरिंग दुकान में अज्ञात चोरों ने एक बार फिर चोरी की घटना को अंजाम दिया है. यह घटना छह माह के भीतर दूसरी बार सामने आई है, जिससे व्यवसायियों में भय और आक्रोश का माहौल है.
दुकानदार रणजीत सेन ने बताया कि बीते रात करीब 1 बजे के बाद चोरों ने दुकान की पीछे की दीवार काटकर प्रवेश किया और कीमती मशीनें व उपकरण चोरी कर लिए. चोरी गए सामान में 3 क्विंटल का वजन करने वाला काँटा, लगभग 30 फीट केबल, ग्राइंडर मशीन, हैंड ड्रिल मशीन, मेटल, वेल्डिंग मशीन और हैमर मशीन शामिल हैं. चोरी की अनुमानित कीमत ₹70,000 से ₹80,000 के बीच बताई जा रही है.
रणजीत सेन ने बताया कि पहले भी उनकी दुकान में चोरी हो चुकी है और अब दूसरी बार चोरी होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. उन्होंने पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और स्थानीय व्यापारियों ने रात्रि गश्ती बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा मजबूत करने की मांग की है.

