मधुपुर/ Md. Aslam थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरासोल गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक जेनरल स्टोर में सेंधमारी कर नकदी समेत हजारों रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली. यह घटना पिपरासोल निवासी पिंकू भगत के जनरल स्टोर में हुई है, जिससे क्षेत्र के दुकानदारों और व्यवसायियों में दहशत का माहौल बन गया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार चोरों ने दुकान के पिछले हिस्से की दीवार को काटकर अंदर प्रवेश किया. इसके बाद गल्ले में रखे करीब दस हजार रुपये नकद के साथ-साथ कॉपी, कलम, चॉकलेट, साबुन, सर्फ, खिलौने एवं खाने-पीने की विभिन्न वस्तुओं की चोरी कर ली गई. चोर बड़ी आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए.
घटना की जानकारी रविवार सुबह उस समय हुई, जब पिंकू भगत के पिता रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचे. ताला खोलते ही उन्होंने देखा कि दुकान के अंदर का दृश्य बदला हुआ है और पीछे की दीवार कटी हुई है. दुकान में रखा अधिकांश सामान गायब देख वे हैरान रह गए. इसके बाद परिजनों द्वारा जांच किए जाने पर नकदी और अन्य सामान की चोरी की पुष्टि हुई.
पीड़ित दुकानदार ने तत्काल मधुपुर थाना को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और चोरी से जुड़े सुराग जुटाने के लिए सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है.
स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.

