मधुपुर/ Md. Aslam मदर्स इंटरनेशनल एकेडमी में शुक्रवार से तीन दिवसीय प्रथम इंटर हाउस गर्ल्स क्रिकेट प्रतियोगिता का शानदार आगाज़ हुआ. यह ऐतिहासिक प्रतियोगिता दिवंगत लोकप्रिय समाजसेवी एवं नेता हाजी हुसैन अंसारी की पुण्य स्मृति में आयोजित की जा रही है. प्रतियोगिता में विद्यालय की चार हाउस टीमें ईस्ट हाउस, वेस्ट हाउस, नॉर्थ हाउस और साउथ हाउस भाग ले रही हैं, जिनके बीच लीग आधार पर मुकाबले खेले जा रहे हैं.

प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में ईस्ट हाउस और वेस्ट हाउस की टीमें आमने- सामने हुईं. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्ट हाउस की टीम ने निर्धारित छह ओवर में 30 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईस्ट हाउस की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र तीन ओवर में 31 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया.
दूसरा लीग मैच नॉर्थ हाउस और साउथ हाउस के बीच खेला गया. पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ हाउस की टीम ने 61 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. जवाब में नॉर्थ हाउस की टीम साउथ हाउस की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 19 रन पर सिमट गई. इस तरह साउथ हाउस ने एकतरफा जीत दर्ज की.
प्रथम चरण के मुकाबलों के बाद ईस्ट हाउस और साउथ हाउस की टीमें जीत के साथ प्रतियोगिता के अगले दौर में पहुंच गई हैं. मैदान पर छात्राओं का जोश, अनुशासन और खेल भावना दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा.
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक मनोज कुमार कलबलिया ने कहा कि दिवंगत हाजी हुसैन अंसारी का विद्यालय और बच्चों से विशेष लगाव था. वे समय- समय पर विद्यालय आकर बच्चों का उत्साहवर्धन करते थे और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देते थे. उन्हीं की स्मृति में यह प्रथम गर्ल्स क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है.
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं छात्राओं के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाती हैं. गर्ल्स क्रिकेट से छात्राओं में शारीरिक सुदृढ़ता, मानसिक मजबूती, आत्मविश्वास, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है. साथ ही खेल के माध्यम से करियर के नए अवसर खुलते हैं और छात्राएं सामाजिक रूढ़ियों को तोड़ते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होती हैं.

