मधुपुर/ Md Aslam झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के मधुपुर प्रखंड कार्यालय में मंगलवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया. जनता दरबार का नेतृत्व प्रखंड अध्यक्ष शाकिर अंसारी ने किया, जिसमें पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

जनता दरबार में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी समस्याएं रखीं. इस दौरान अबुआ आवास योजना, चापानल की खराबी, जमीन से जुड़े विवाद, मइंया सम्मान योजना, वृद्धा पेंशन सहित अन्य सामाजिक और जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित मामलों की गंभीरता से सुनवाई की गई.
कार्यक्रम में अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष अबु तालिब अंसारी, प्रखंड अध्यक्ष शाकिर अंसारी, गंगा दास, मुख्तार अंसारी, जुनैद अंसारी, पिंटू दास, पप्पु दास समेत अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे. नेताओं ने एक-एक कर लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों से समन्वय कर समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा दिलाया.
मौके पर प्रखंड अध्यक्ष शाकिर अंसारी ने कहा कि झामुमो जनता की पार्टी है और आम लोगों की समस्याओं का समाधान कराना हमारी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि जनता दरबार के माध्यम से सीधे जनता से संवाद कर उनकी परेशानियों को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है. जिन मामलों का त्वरित समाधान संभव है, उन्हें शीघ्र निपटाया जाएगा, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर जल्द कार्रवाई कराई जाएगी.
जनता दरबार में आए लोगों ने अपनी समस्याएं रखने का अवसर मिलने पर संतोष व्यक्त किया और इस तरह के कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की.

