मधुपुर/ Md Aslam प्रखंड अंतर्गत भेड़वा पंचायत के आमतल्ला भेड़वा मौजा स्थित गोचर भूमि पर अवैध रूप से मिट्टी की कटाई और बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है. इस अवैध गतिविधि से न केवल गोचर भूमि का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है, बल्कि यहां चरने वाले पशुओं और बच्चों की सुरक्षा पर भी गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है.

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि भूमाफियाओं द्वारा लगातार मिट्टी काटे जाने के कारण गोचर भूमि में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं. इन गड्ढों में पशुओं के गिरने और बच्चों के खेल के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. ग्रामीणों का आरोप है कि मिट्टी कटाई के बहाने गोचर जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास भी किया जा रहा है.
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गोचर भूमि में हो रही अवैध मिट्टी कटाई पर तत्काल रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि सार्वजनिक भूमि और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.

