आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस के अवसर पर बुधवार को सरायकेला- खरसावां जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह को उनके कार्यालय कक्ष में पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया. यह सम्मान वैद्य संजय कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष, सूचनाधिकार विभाग के नेतृत्व में दिया गया.

इस अवसर पर वैद्य संजय कुमार ने उपभोक्ता जागरूकता से जुड़ी योजनाओं और कानूनों के व्यापक प्रचार- प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि इससे अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों का लाभ मिल सकेगा.
अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने इस सुझाव का स्वागत करते हुए कहा कि निकट भविष्य में उपभोक्ताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से एक सेमिनार आयोजित किया जाएगा. उन्होंने बताया कि उपभोक्ता मामले मंत्रालय द्वारा समय- समय पर “जागो ग्राहक जागो” जैसे कार्यक्रम चलाए जाते हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों की जानकारी मिलती है.
इस मौके पर आयोग की महिला सदस्य संजू शाही, अधिवक्ता सतीश कुमार, अफलाक अहमद, नितीश महतो, संजीव कुमार भारती, घनश्याम महतो, नारायण लायेक सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे.

