मधुपुर/ Md. Aslam शहर के भगत सिंह रोड स्थित वी-मार्ट मॉल में अग्नि सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में अग्निशमन पदाधिकारी कालेश्वर पासवान ने मॉल प्रबंधन की मौजूदगी में सभी कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों और आवश्यक सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी.

इस दौरान अग्निशमन पदाधिकारी ने बताया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ और संयम से काम लेना जरूरी है. उन्होंने मॉल में उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग, सुरक्षित निकासी मार्गों की पहचान और आपात स्थिति में ग्राहकों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया की जानकारी दी. उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की आग या आग की आशंका होने पर तत्काल मोबाइल नंबर 9296793962 पर सूचना दें, ताकि समय रहते अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर किसी बड़े हादसे को रोका जा सके.
मॉल प्रबंधन ने इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इससे कर्मचारियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और आपात परिस्थितियों में जान- माल की सुरक्षा सुनिश्चित होती है. कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मियों ने अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प लिया.

