देवघर/ Md Aslam जिले के मधुपुर अवर प्रमंडल के विद्युत कार्यपालक अभियंता रोहित मांझी ने सोमवार को मधुपुर विद्युत कार्यपालक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान कार्यालय की कार्यप्रणाली, उपभोक्ता सेवाओं और राजस्व से जुड़े कार्यों की गहन समीक्षा की गई.

इसके पश्चात सहायक विद्युत अभियंता दीपक कुमार के कार्यालय कक्ष में सभी विद्युत कर्मियों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें रोहित मांझी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्र में जिन उपभोक्ताओं के बिजली मीटर पुराने, खराब या जर्जर हैं, उन्हें तुरंत नए मीटर लगाए जाएं. उन्होंने कहा कि सही मीटरिंग से उपभोक्ताओं को वास्तविक खपत के अनुसार बिल मिलेगा और विवाद की स्थिति से बचा जा सकेगा.
अभियंता ने ऊर्जा मित्रों को बिलिंग कार्य में तेजी लाने और नियमित फील्ड वर्क करने के निर्देश दिए. जिन उपभोक्ताओं का बिजली बिल 5000 रुपये से अधिक बकाया है, वे इसे जल्द ही विद्युत कार्यालय या ऑनलाइन माध्यम से जमा करें. समय पर भुगतान नहीं होने पर विद्युत कनेक्शन विच्छेद की कार्रवाई की जाएगी.
रोहित मांझी ने यह भी कहा कि उपभोक्ता सेवा विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने सभी कर्मियों से आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए राजस्व वृद्धि और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का आह्वान किया.
बैठक में सहायक विद्युत अभियंता दीपक कुमार, मोहम्मद शाहिद, परशुराम भैया, योगी कुमार, मुनमुन नंदनी, विक्रम कुमार सहित अन्य विद्युत कर्मी उपस्थित थे. अधिकारियों ने विभागीय कार्यों को सुदृढ़ बनाने और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा देने की प्रतिबद्धता दोहराई.

