मधुपुर/ Md. Aslam भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस उत्साह और संगठनात्मक संकल्प के साथ मनाया गया. इस अवसर पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी की सचिव शबाना खातून के नेतृत्व में जिला, प्रखंड, मंडल, ग्राम पंचायत और वार्ड कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारियों एवं बीएलए (BLA) के आवासों पर कांग्रेस का झंडा फहराया गया.
स्थापना दिवस के मौके पर बढ़ती ठंड को देखते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गरीब और जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया. इस पहल के माध्यम से कांग्रेस ने मानवीय संवेदना और सेवा भाव का संदेश दिया.

प्रदेश सचिव शबाना खातून ने कहा कि कांग्रेस का स्थापना दिवस संगठन की मजबूती, आपसी एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के प्रति संकल्प का प्रतीक है. उन्होंने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अनुशासन और उत्साह के साथ कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया.
कार्यक्रम में नगर कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष सैफ़ अहमद, मीडिया प्रभारी गोल्डी खान, राजा, अग्नेश डॉस, शहनाज बानो सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे.

