मधुपुर/ Md. Aslam प्रखंड के पहाड़पुर मौजा में निर्माणाधीन बाईपास नई रेल लाइन परियोजना के तहत अधिग्रहित भूमि के रैयतों को मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया को तेज करने के उद्देश्य से पटवाबाद पंचायत भवन में विशेष शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में बड़ी संख्या में प्रभावित रैयत उपस्थित हुए और आवश्यक कागजातों का सत्यापन कराया.

शिविर के दौरान अंचल अधिकारी यामुन रविदास ने बताया कि परियोजना के लिए अर्जित भूमि के बदले संबंधित रैयतों को सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप मुआवजा राशि का भुगतान किया जाएगा. उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए रैयतों द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों का मौके पर ही ग्रामीणों के समक्ष सत्यापन किया गया.
अधिकारियों द्वारा भूमि से संबंधित कागजातों की गहन जांच के बाद पात्र रैयतों की सूची तैयार की गई. इस दौरान रैयतों को आगे की प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक दिशा- निर्देश भी दिए गए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो. प्रशासन की ओर से यह स्पष्ट किया गया कि सभी पात्र लाभुकों को समयबद्ध तरीके से मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाएगी और कोई भी योग्य व्यक्ति इससे वंचित नहीं रहेगा.
विशेष शिविर के आयोजन से रैयतों में संतोष का माहौल देखा गया. ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर कागजात सत्यापन और जानकारी मिलने से उन्हें काफी सुविधा हुई है. प्रशासनिक अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मुआवजा वितरण से जुड़ी शेष प्रक्रियाओं को सुचारु रूप से पूरा करने के लिए आगे भी ऐसे शिविरों का आयोजन किया जाता रहेगा.
शिविर में अंचल निरीक्षक निरंजन रजक, प्रभारी प्रधान सहायक खुर्शीद आलम, राहुल कुमार सिंह, उज्जवल कुमार, रंजीत कुमार झा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी संजय कुमार दास, विश्वजीत महतो, इंतजार सोरों, सुनील कुमार सहित अन्य अंचल कर्मी उपस्थित थे.

