मधुपुर/ Md. Aslam बाईपास रेल परियोजना से संबंधित भूमि अधिग्रहण और मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया को लेकर मंगलवार को मौजा गड़िया, धमना एवं नारायणपुर में विशेष भू-अर्जन शिविर का आयोजन किया गया. यह शिविर पंचायत भवन गड़िया और पंचायत भवन नारायणपुर में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में परियोजना से प्रभावित रैयत उपस्थित हुए.

शिविर के दौरान अंचलाधिकारी यामुन रविदास ने बताया कि रेल बाईपास परियोजना के लिए अर्जित भूमि के बदले संबंधित रैयतों को सरकार द्वारा निर्धारित नियमों और प्रावधानों के अनुसार मुआवजा राशि का भुगतान किया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि भूमि से जुड़े सभी दस्तावेजों की गहन जांच के बाद ही पात्र रैयतों की सूची तैयार की गई है, ताकि कोई भी योग्य लाभुक मुआवजा से वंचित न रह जाए.
शिविर में उपस्थित रैयतों को मुआवजा भुगतान की आगे की प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए. प्रशासन की ओर से यह भरोसा दिलाया गया कि सभी पात्र लाभुकों को समयबद्ध तरीके से मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाएगी और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संपन्न की जा रही है.
विशेष शिविर के आयोजन से क्षेत्र में संतोष का माहौल देखा गया. ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर दस्तावेजों का सत्यापन, जानकारी और मार्गदर्शन मिलने से उन्हें काफी सुविधा हुई है.
इस मौके पर अंचल निरीक्षक निरंजन रजक, प्रभारी प्रधान सहायक खुर्शीद आलम, इंजाय होरो, राजेंद्र यादव, राहुल कुमार सिंह, रंजीत कुमार झा, उज्ज्वल कुमार, सुनील कुमार, संजय कुमार दास, विश्वजीत महतो, पंकज कुमार सहित अन्य अंचल कर्मी उपस्थित थे.

