
सरायकेला: जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर शनिवार को सरायकेला थाना पुलिस ने व्यापक पैदल गश्ती अभियान चलाया. थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ व्यापारियों और आम लोगों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुरक्षा संबंधी सुझावों की भी जानकारी ली.


पैदल गश्ती के दौरान पुलिस टीम विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक पहुंची और दुकानदारों से सुरक्षा व्यवस्था, बाजार क्षेत्र में आने वाली कठिनाइयों तथा आपराधिक गतिविधियों को लेकर चर्चा की. थाना प्रभारी विनय कुमार ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या असामाजिक तत्वों के विरुद्ध तत्काल और कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति, संदिग्ध गतिविधि अथवा किसी प्रकार की अवैध हरकत दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें. अधिकारियों ने कहा कि जनसहयोग के बिना अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव नहीं है. इसलिए सुरक्षित और शांतिपूर्ण समाज के निर्माण में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है.
गश्ती के दौरान पुलिस ने लोगों को यातायात नियमों का पालन करने, अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने की भी सलाह दी. पुलिस टीम ने संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया.
थाना प्रभारी विनय कुमार ने कहा कि पैदल गश्ती अभियान का उद्देश्य केवल अपराधियों में भय उत्पन्न करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों और व्यापारियों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना भी है. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार का अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि सरायकेला में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे.
पुलिस की इस पहल का बाजार के व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने स्वागत किया. उनका कहना है कि नियमित पैदल गश्ती से असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगेगा तथा आम लोगों में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत होगी.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह





